हल्द्वानी। नाले-नालियों की सफाई नहीं होने से शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से करीब 450 लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया। कई गलियों में भी दो से तीन फीट तक पानी भर गया। लोग गंदे पानी को घरों में घुसने से बचाने के लिए खुद नाले-नालियों का कूड़ा उठाते रहे।
नैनीताल रोड, रामकृष्ण पुरम मुखानी, दुर्गा कालोनी नवाबी रोड, आनंदपुरी फेज 2, विवेकानंद एनक्लेव, तल्ला गोरखपुर, मल्ला गोरखपुर, ऑफिसर कालोनी, दुर्गा कालोनी, इंदिरानगर, जोशी विहार, कालाढूंगी रोड में कई घरों में गंदा पानी घुस गया।
पार्षद रवि जोशी ने कहा कि नगर निगम के बगल से बहने वाली सिंचाई नहर दो साल से विभाग की ओर से नहर कवरिंग के नाम पर तोड़ी गई है। इसके चलते उनके क्षेत्र में गंदा पानी भर गया। पार्षद राजेंद्र जीना ने कहा कि उन्होंने पानी के निकास के लिए नाली बनाने की मांग को लेकर मेयर से लेकर नगर आयुक्त तक को कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। पार्षद रवि वाल्मीकि ने बताया कि वार्ड नंबर आठ के जय दुर्गा कालोनी में प्रदीप पांडे, दलीप सिंह रावत, जीवन मनराल, भैया रावत के घरों में नहर का पानी ओवर फ्लो होने से घुस गया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज कांडपाल ने कहा कि नाले की सफाई का कार्य चल रहा है। मानसून से पहले नाले साफ कर दिए जाएंगे।
यहां भी भरा पानी
- नवाबी रोड नहर के ओवर फ्लो होने से नवाबी रोड, मल्ला गोरखपुर और जयदुर्गा कालोनी के कई घरों में पानी घुस गया।
-स्टेडियम रोड पर दोपहिया वाहनों का चलना भी मुश्किल हो गया।
आखिर कब साफ होंगे नाले
हल्द्वानी। मौसम विभाग के अनुसार पांच दिन में मानसून उत्तराखंड में दस्तक दे देगा लेकिन नगर निगम के नाले अभी भी साफ नहीं हुए हैं। नगर निगम का ठेकेदार छह नाले साफ होने का दावा कर रहा है। पार्षदों का आरोप है कि जो नाले साफ किए गए हैं वे भी अच्छी तरह साफ नहीं हुए हैं। शनिबाजार नाला साफ होने का दावा किया गया लेकिन शनिवार सुबह हुई बारिश ने निगम के सफाई की पोल खोल कर रख दी। शनिबाजार नाला कूड़े से चोक हो गया। इससे जोशी विहार क्षेत्र में पानी भर गया। पार्षद गुड्डु वारसी ने आरोप लगाया कि नाले की सही से सफाई नहीं होने से नाला चोक हो गया। इससे जोशी विहार में 40 घरों में गंदा पानी घुस गया। इंदिरा नगर सहित कई क्षेत्रों में नाले कूड़े से चोक होने के कारण जाम हो गए। इससे लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया।
सड़क तो बनाई लेकिन फुटपाथों को नहीं करवाया सही
हल्द्वानी। लोक निर्माण विभाग ने लालकुआं-कालाढूंगी विधानसभा में कई सड़कों का निर्माण किया है लेकिन फुटपाथ को सही नहीं करने और पनकट्टे नहीं काटे जाने के कारण सड़कों पर पानी भर रहा है। पानी भरने से सड़कों के खराब होने की आशंका बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग मानसून से पहले सड़क के किनारे फुटपाथों को सही करता है। सड़क पर पानी न भरे इसके लिए पनकट्टे भी काटता है। नई सड़क बनने में भी इसका ख्याल रखा जाता है। शनिवार को हुई बारिश से तीनपानी से लेकर मंडी तक, हल्दूचौड़ से गोरापड़ाव, गन्ना सेंटर से मोटाहल्दू और कई सड़कों में पानी की निकासी सही नहीं होने के कारण सड़कों में पानी भर गया। इसके अलावा कई सड़कों में पानी भर गया। एक दो जगह नई बनी सड़क भी उखड़ गई।