कार्बेट नेशनल पार्क के धनगढ़ी गेट पर वन दरोगा से अभद्रता करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को पार्क के रेंजरों ने निदेशक का घेराव किया। कहा कि तीन दिन में डीडी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पार्क गेटों पर तालाबंदी की जाएगी।
शुक्रवार को निदेशक का घेराव करते हुए रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि एक मई को पार्क के धनगढ़ी गेट पर राजाजी नेशनल पार्क के डीडी किशन चंद्र ने फारेस्टर बालम सिंह रावत से पार्क भ्रमण के दौरान अभद्रता की, जिस पर विभाग द्वारा अब तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।
उन्होंने चेताया कि यदि तीन दिन में इस प्रकरण में कार्रवाई नहीं की गई तो रेंजर पार्क में तालाबंदी करेंगे। इस दौरान रेंजर संजय पांडे, महेश बिष्ट, राजेंद्र सिंह चकरायत, वीरेंद्र पांडे, देवेंद्र सिंह रजवार, राजेंद्र प्रसाद खुल्बे, ब्रजमोहन रावत, ललित आर्या आदि मौजूद थे।
देहरादून जाएगा शिष्टमंडल
सहायक वन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शेखर तिवारी ने बताया कि शनिवार को वन्य जीव प्रतिपालक दिग्विजय खाती के बुलावे पर सहायक वन कर्मचारी संघ का शिष्टमंडल देहरादून जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्क डायरेक्टर से दो बार विफल हुई वार्ता के बाद पार्क प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।