फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा पर लगाई आस्था की डुबकी

Sun, 05 Nov 2017 01:02 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, हल्द्वानी/रामनगर। 
विज्ञापन
कार्तिक पूर्णिमा पर लगाई आस्था की डुबकी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हल्द्वानी/रामनगर। कार्तिक पूर्णिमा (देव दीपावली) पर श्रद्धालुओं ने नदियों में स्नान कर पुण्य कमाया। रानीबाग स्थित गार्गी नदी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ने स्नान किया और असहाय, निर्धन लोगों को दान दिया। गर्जिया मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा। कोसी नदी में लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और घंटों लाइन में लगकर मां गर्जिया देवी के दर्शन किए। 
विज्ञापन


गर्जिया में गंगा स्नान के दौरान लोगों ने बच्चों के मुंडन कराए। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मियों के साथ ही एमपी इंटर कॉलेज के एनसीसी व एनएसएस के छात्रों ने भी अहम भूमिका निभाई। मेले को व्यवस्थित करने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य कैंप के साथ ही उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का स्टॉल भी लगाया गया था। मेलेे में जगह-जगह खिचड़ी के भंडारे भी चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने कोसी नदी में स्नान कर कई-कई घंटे लंबी लाइनों में लग मां गर्जिया देवी के दर्शन किए। एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि मुरादाबाद, हल्द्वानी, काशीपुर, नैनीताल व अन्य जगहों से लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने कोसी में डुबकी लगाई। ट्रेन में भी श्रद्धालु भारी भीड़ के बीच पहुंचे थे। 

इस दौरान मेले की व्यवस्था में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, सीओ लोकजीत सिंह, कोतवाल विक्रम राठौर, कालाढूंगी कोतवाल बीएल विश्वकर्मा, एसएचओ किशोर उपाध्याय, तहसीलदार प्रियंका रानी, एसएसआई कविंद्र शर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक आरिफ हुसैन, मंदिर समिति के डॉ. देवीदत्त दानी, डॉ. निशांत पपनै, एएस नेगी, भूपेंद्र खाती आदि मौजूद थे। हल्द्वानी के कालीचौड़, शीतला देवी, सत्यनारायण, बेलबाबा, कालूसिद्ध, पिपलेश्वर, राममंदिर, आंवलेश्वर आदि मंदिरों में दर्शनार्थियों ने पूजा अर्चना की। 
विज्ञापन


पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लाक के डुंगरी गांव में स्थित ऐड़ी बाबा मंदिर में मेले का आयोजन किया गया। मेले का आयोजन जीडीके विकास सेवा समिति डुंगरी की ओर से हुआ। मेले का उद्घाटन जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद कांडपाल और अधोड़ा के बीडीसी सदस्य भूपाल सिंह महरा ने किया। शुक्रवार रात को जागर व लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। लोक गायक विजय राम ने विभिन्न लोक धुनों पर आधारित लोक गीत गाए। इस मौके पर पुजारी भगवान दत्त कांडपाल, सरपंच हेम भट्ट, प्रधान दीपा कांडपाल, जीवन चन्द्र, रमेश महरा, माधवी देवी, विपिन भट्ट आदि मौजूद थे।


सरोवर नगरी में हुए कई अनुष्ठान
नैनीताल। नैनीताल-किलबरी मोटर मार्ग पर हिमालय दर्शन के समीप स्थित सत्यनारायण मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए। हवन के दौरान शिव दत्त बहुगुणा, राजेन्द्र बोरा, हरीश पंत, हिमांशु भट्ट, नारायण कार्की, सुरेश कांडपाल, कैलाश चंद्र लोहनी, हरीश चंद्र ने पूर्णाहुति दी। समस्त धार्मिक अनुष्ठान पं. भगवत जोशी ने कराए। चीना चुंगी स्थित सत्यनारायण मंदिर में सत्यनारायण कथा, हवन, पूजन के बाद भंडारा हुआ। इसमें दर्जनों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक अनुष्ठान पं. महेश जोशी व एमडी पांडे ने कराए। प्रेम सिंह मेहरा, जशोद सिंह बिष्ट यजमान के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर पुजारी अमित सिंह बिष्ट, राजेन्द्र रावत, आनंदी जड़ौत, डीएन भट्ट आदि मौजूद थे।

गोलू देवता मंदिर में अखंड रामायण पाठ 
भवाली (नैनीताल)।  घोड़ाखाल स्थित गोलू देवता मंदिर में अखंड रामायण पाठ और भंडारा हुआ। मंदिर के पुजारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि 10 नवंबर को भैरवाष्टमी के मौके पर मंदिर में पूजा अर्चना कर खिचड़ी का भंडारा आयोजित किया जाएगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें