फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धामी को डंपर से कुचलने की कोशिश

Thu, 09 Apr 2015 02:20 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रामनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
कोसी, दाबका में अवैध खनन के खिलाफ छापा मारने गए उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी को बुधवार को डंपर से कुचलने का प्रयास किया गया। हालांकि धामी ने अपने लाइसेंसी असलहे से हवाई फायर कर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। उनका कहना है कि अवैध रूप से खनन में लगे 69 डंपरों पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


इधर, धामी के ड्राइवर आनंद सिंह निवासी दुगड्डा, जिला पौड़ी ने गाड़ी नंबर यूके 06 सी 0016 चालक के खिलाफ जानलेवा हमला, गालीगलौज का मुकदमा दर्ज कराया है। एसएसआई मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ 307, 504, 506 की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हरीश धामी ने बताया कि वह बुधवार दोपहर मय फोर्स दाबका नदी में पहुंचे। यहां जाने से पहले उन्होंने पुल पर तीन वाहनों को चेकिंग के लिए रोका तो उनके पास रायल्टी नहीं मिली। जिससे वह तीनों वाहनों के कागज, गाड़ियों की चाबियां अपने साथ लेकर दाबका में प्रवेश कर गए। उन्होंने बताया कि एक वाहन की चेकिंग की तो उसकी रायल्टी एक दिन पुरानी यानि मंगलवार सात अप्रैल की निकली। इसके बाद वह वापस दाबका की तरफ आए तो जिन डंपरों की चाबियां उनके पास थीं, वे डंपर मौके से गायब मिले।

श्री धामी ने इसकी सूचना एसडीएम एसएस जंगपांगी को देकर कार्रवाई करने की बात कही। फिर वह  दाबका के बाद छोई गांव होते हुए कोसी नदी का रुख किया। जहां उनकी सिक्योरेटी में चल रही गाड़ी बंजारी द्वितीय गेट के पास फंस गई। इसी बीच, उनके पीछे चल रहे सीओ, पुलिस बल एवं वन विभाग के लोग भी रुक गए और धामी कुछ दूरी पर अकेले पहुंच गए। जब तक उनके पीछे पुलिस प्रशासन महकमा पहुंचता तब तक एक डंपर उनकी ओर बढ़ने लगा जिसे देख धामी ने अपनी जान बचाकर एक हवाई फायर कर दिया। इससे कोसी में अफरा तफरी के साथ ही डंपरों के इधर-उधर भागने से धूल ही धूल हो गई।
विज्ञापन

सीओ मिथिलेश कुमार ने बताया जैसे ही हम मौके पर पहुंचे तो डंपर चालक डंपर को छोड़कर भाग निकला। उन्होंने बताया डंपर पुरेवाल स्टोन क्रेशर स्वामी दिलबाग सिंह का है। उन्होंने बताया नदी में 69 वाहन नदी के अंदर पेंडिंग दिखाए गए थे, लेकिन संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान कोसी नदी में वाहन भौतिकी सत्यापन में एक भी वाहन नदी में नहीं मिला, जिनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम के साथ एसडीएम एसएस जंगपांगी, आईएफएस प्रशिक्षु कल्याणी, बैलपड़ाव चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह, एसआई कश्मीर सिंह सहित जंगलात, पीएससी सहित कई लोग मौजूद थे।

खनन की समस्याओं के निदान के लिए संयुक्त बैठक आज
रामनगर। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने बृहस्पतिवार को वन निगम आमडंडा में खनन की समस्याओं के निदान के लिए सुबह 10 बजे बैठक बुलाई है। एसडीएम एसएस जंगपांगी ने बताया श्री धामी खनन विभाग, सेल टैक्स विभाग, एडीएम, स्टोक क्रशर, स्टाकिज, ट्रांसपोर्टर, वन विभाग की संयुक्त बैठक लेंगे। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें