रामनगर (नैनीताल)। नवरात्रि के पहले दिन रविवार को गर्जिया देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। माता गर्जिया के दर्शन पूजन के लिए यूपी से भी श्रद्धालु पहुंचे। गर्जिया मंदिर में सुरक्षा को लेकर पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
पहले दिन श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी मनोज पांडे ने बताया कि पहले दिन मां के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट सुबह 4:30 बजे खोल दिए थे। सुबह से ही श्रद्धालुओं ने मां की पूजा कर सुख समृद्धि की कामना की।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि गर्जिया मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मां नयना देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना
नैनीताल। शारदीय नवरात्र की शुरुआत के साथ मंदिरों की रौनक बढ़ गई है। सुबह से ही मंदिर में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी।
नयना देवी मंदिर, ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर, शिव मंदिर, गोलू देव मंदिर, हनुमानगढ़, प्राणी उद्यान के पास गंगनाथ मंदिर, सिपाहीधारा, गुफा महादेव आदि मंदिरों में दिन भर भक्तों ने पूजा अर्चना की। नवरात्र के चलते लोगों ने घरों में भी घट स्थापना की। इस दौरान लोगों ने वृत भी रखे।
माता के जयकारों के साथ निकाली कलश यात्रा
भीमताल (नैनीताल)। रामलीला मैदान मल्लीताल में स्थित मां भगवती के मंदिर में मंगलवार को मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इससे पूर्व सोमवार को महिलाओं ने हनुमान मंदिर से कैंचुली मंदिर तक कलश यात्रा निकाली।
इस दौरान भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया। रात्रि जागरण में माता रानी का भजनों से गुणगान किया गया। इस दौरान शास्त्री भुवन चंद्र पांडे, चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, सौरभ रौतेला, पूरन जोशी, चिराग जोशी, मनोज भट्ट, भास्कर भगवाल, भारत लोशाली, विपिन पांडे, आशु पाठक, प्रदीप पाठक, पवन साह, शरद पांडे, चंदन बिष्ट, धीरज तिवारी, शुभम नैनवाल, मोहित पडियार, हिमांशु रौतेला आदि मौजूद रहे।