भवाली(नैनीताल)। कैंची धाम में मंगलवार को भारी भीड़ के चलते घंटों जाम लगने से यात्रियों और सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। बुधवार को पुलिस की ओर से ट्रैफिक प्लान लागू किया गया। पुलिस ने भीमताल और भवाली में श्रद्धालुओं के वाहनों को खड़ा करने के बाद शटल सेवा से श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा। भीमताल सीओ विनय सिंह, कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा और ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद्र पुलिस कर्मियों के साथ मुस्तैद रहे। पुलिस कर्मियों की ओर से सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात व्यवस्था बनाने में लगे रही। बुधवार को भी 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। संवाद
भैया दूज पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट रही पुलिस
नैनीताल। भैया दूज पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट रही। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। बीडीएस टीम ने भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों की जांच कर सतर्कता बरती। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।