उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की ओर से इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट इंवेस्टमेंट प्रोगाम आफ टूरिज्म (आईडीआईपीटी) प्रोजेक्ट के तहत 30 करोड़ की लागत से नगर के ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों के विकास और हेरीटेज भवनों के जीर्णोद्धार को लेकर नैनीताल क्लब में एक सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में प्रोजेक्ट सैल के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रमों के बारे में बताया। मुख्य अतिथि आयुक्त एएस नयाल ने कहा कि नैनीताल में होने वाले सभी कार्य जनभावनाओं के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के तहत स्वीकृत धनराशि का किसी भी हालत में दुरुपयोग नहीं होना चाहिए।
इससे पूर्व सामुदायिक विकास अधिकारी डा. जगत सुटियाल, सामुदायिक विकास विशेषज्ञ सीमा शर्मा और हरीश शर्मा ने प्रत्येक कार्य में खर्च होने वाली धनराशि के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नेचुरल हेरीटेज ट्रेल के तहत टिफिनटॉप, टांकी और नैना पीक को जाने वाले मार्गों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
पुस्तकालय, कैथोलिक, मैथोडिस्ट चर्च, बिशप शा स्कूल, डीएसए, न्यू क्लब, बैंड स्टैंड, नगर पालिका भवन, डीएसबी स्थित हिमालय संग्रहालय, तल्लीताल में गांधी चौक के नीचे डैमवाल का सुधारीकरण, ताकुला स्थित गांधी मंदिर, लोअर माल रोड में पार्कों व दीवारों का जीर्णोद्धार होगा। साथ ही, छोटे-छोटे पार्किंग स्थल भी विकसित किए जाएंगे।
उन्होंने प्रोजेक्ट के तहत पर्यटकों को ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे कराने के लिए चलाने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने जब अधिकारियों से हेरीटेज भवनों की वर्तमान स्थिति और जीर्णोद्धार के बाद वह कैसे दिखाई देंगे कि स्थिति का प्रस्तुतिकरण करने को कहा तो वह नहीं कर सके।
इस मुद्दे को आयुक्त ने गंभीरता से लेते हुए अगली बैठक में तैयारी के साथ आने को कहा। कई लोगों ने इस पर भी नाराजगी जताई कि प्रोजेक्ट में शामिल होने वाले कार्यों से पूर्व उनकी राय क्यों नहीं ली गई।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण, पूर्व विधायक डा. नारायण सिंह जंतवाल, समाजसेवी गंगा प्रसाद साह, प्रो. जीएल साह, त्रिभुवन फर्त्याल, पूर्व दर्जा मंत्री डा. रमेश पांडे, ग्राम प्रधान हिमांशु पांडे, पान सिंह सिजवाली, डा. सुरेश मठपाल, जेके शर्मा, सरवर खान, दीवान सिंह, केसी पंत, श्याम सिंह, महेश कुमार, नीतू बोरा, सपना बिष्ट, पीजी सिथर, खजान आदि मौजूद थे।
करीब तीन घंटे तक चले कार्यक्रम में अधिकांश वक्ताओं ने कहा कि पर्यटन विकास से पहले नैनीताल में पार्किंग की समस्या हल होनी चाहिए। आयुक्त एएस नयाल, कांग्रेसी नेता त्रिभुवन सिंह फर्त्याल, पूर्व विधायक डा.नारायण सिंह जंतवाल, हिमांशु पांडे, गंगा प्रसाद साह, जेके शर्मा, सरवर खान ने कहा कि शहर से दूर चारखेत, बल्दियाखान, रूसी बाईपास में कार पार्किंग बनाई जाए।
वहां से शटल सेवा के माध्यम से पर्यटकों को नैनीताल लाया जाए। इससे शहर पर दवाब कम होने के साथ-साथ जाम से भी निजात मिलेगी। आयुक्त ने इस मामले में गंभीरता से कार्य करने को कहा। ग्राम प्रधान हिमांशु पांडे ने ताकुला गांधी मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य में सभी पहलुओं पर ध्यान रखने की बात कहीं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व और वर्तमान सभासद आपस में भिड़ गए। प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने कहा कि नैनी झील के किनारे क्षतिग्रस्त कुछ दीवारों को भी प्रोजेक्ट कार्य के तहत ठीक किया जाना है तो पूर्व सभासद श्याम सिंह ने कहा कि यह कार्य पालिका को करना चाहिए।
इसी दौरान वर्तमान सभासद सरवर खान और जेके शर्मा ने कहा कि पालिका के पास पैसे की कमी है, तो पूर्व सभासद ने कहा कि हाल ही में सरकार ने पालिका को एक करोड़ से अधिक रुपये दिए हैं। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया।