डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। डेंगू के छह नए रोगियों को इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आदर्श नगर में डेंगू संदिग्धों के सैंपल लेने के साथ ही फॉगिंग कराई। चार घरों में डेंगू के लार्वा मिले, जिन्हें नष्ट किया गया।
सुशीला तिवारी अस्पताल में सोमवार को डेंगू पीड़ितों में हल्द्वानी के गिरीश चंद्र जोशी (08) और कोमल (13) आदर्श नगर, अमित गुप्ता (35) रेलवे बाजार, गायत्री (26) रामपुर रोड, गौरव कटियाल (14) श्याम विहार, नासिर अली (28) बिलासपुर को भर्ती कराया गया।
डेंगू का प्रकोप बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को आदर्श नगर का दौरा किया। लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी। चार मकानों में डेंगू के लार्वा मिले। घरों की छतों पर पड़े बर्तनों, गमलों, कूलरों में जमा पानी में डेंगू के लार्वा पनप रहे थे।
बर्तनों को खाली करने के साथ ही डेंगू के लार्वा को नष्ट किया गया। निर्माणाधीन मकानों में पानी के लिए बनाए गए गड्ढों में, कारखानों की भीगी लकड़ियों में डेंगू के लार्वा पाए गए। लार्वा नष्ट करने के साथ ही फॉगिंग कराई गई।
जिला कीट जनित रोग नियंत्रण अधिकारी की टीम ने पायरेथ्रम का छिड़काव कराया। टीम ने लगभग दस लोगों के खून के नमूने लिए। कार्ड टेस्ट कराने के साथ ही मलेरिया की जांच भी कराई जाएगी। टीम में जिला संक्रामक रोग विशलेषक अधिकारी नंदन कांडपाल, जिला मलेरिया अधिकारी अर्जुन राणा आदि थे।