नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्र नेताओं ने शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर विवि के प्रशासनिक भवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में कुलपति प्रो. दीवान एस. रावत ने छात्रों से वार्ता की, जिसके बाद छात्रनेताओं ने प्रदर्शन खत्म कर दिया।
बता दें कि छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित किए जाने की मांग को लेकर छात्रनेता बीते लंबे समय से आंदोलित हैं। शुक्रवार को हरमिटेज भवन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में कुलपति पहुंचे थे। जैसे ही आंदोलित छात्रों को कुलपति के आने की जानकारी मिली तो वे भी वहां पहुंच गए। छात्रों ने यहां उनके वाहन के आगे बैठकर विरोध जताया और छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की। विद्यार्थियों की नारेबाजी के बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस और विवि प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन छात्रों ने एक नहीं सुनी।
शाम को कुलपति प्रो. डीएस रावत ने आंदोलित छात्रों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय का आदेश विश्वविद्यालय के लिए बाध्यकारी है। विश्वविद्यालय उच्च न्यायालय एवं शासन से निर्गत दिशा निर्देशों के क्रम में आगे की कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर जो निर्णय लिया जाएगा, वह छात्रनेताओं से साझा किया जाएगा। इसके बाद छात्रनेताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस मौके पर अभिषेक कुमार, आशीष कबड़वाल, करन दनाई आदि शामिल रहे।