भटेलिया में शराब की दुकान के सामने प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
भीमताल (नैनीताल)। धारी ब्लॉक के भटेलिया में स्थित शराब की दुकान को गहना-पोखरी रोड पर शिफ्ट करने का विरोध तेज हो गया है। विरोध के तीसरे दिन रविवार को गुस्साई महिलाओं ने भटेलिया में शराब की दुकान के आगे धरना-प्रदर्शन किया। बाद में क्षेत्र में जुलूस निकालकर चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर शराब की दुकान को शिफ्ट नहीं होने दिया जाएगा।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से भटेलिया में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को गहना-पोखरी रोड पर सशबनी नामक स्थान पर शिफ्ट कराने के प्रयास चल रहे हैं। मामले की भनक जब से संबंधित गांव की महिलाओं को हुई, तभी से वे इसके विरोध में प्रदर्शन कर रही हैं।
रविवार को महिलाओं ने क्षेत्र में जुलूस निकालकर शराब विरोधी नारेबाजी की और भटेलिया में शराब की दुकान के आगे धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर शराब की दुकान सशबनी गांव में शिफ्ट नहीं होने देंगी और जरूरत पड़ी तो इसके खिलाफ आंदोलन को और तेज करेेंगी।
रविवार को धारी की ब्लॉक प्रमुख अंजू नयाल और जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट ने भी भटेलिया में पहुंचकर महिलाओं के आंदोलन को जायज बताते हुए समर्थन देने की घोषणा की। जुलूस-प्रदर्शन में गंगा देवी, उमा देवी, राधिका देवी, अनुली देवी, मालती, मुन्नी देवी, दोषापानी डिग्री कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल नयाल, गुड्डू नयाल, महेंद्र नयाल, निपूर्ण देवलिया, विनोद भट्ट, प्रकाश दानी, हेमू नयाल, नवीन देवलिया आदि शामिल थे।