हल्द्वानी। गोरापड़ाव से गोला गेट हाथीखाल सड़क की बदहाली से गुस्साए लोगों ने तय समय में सड़क का डामरीकरण शुरू न किए जाने पर प्रदर्शन कर लोनिवि अधिकारियों को खूब खरीखोटी सुनाई। सड़क का काम सात नवंबर से शुरू करने के लिखित आश्वासन के बाद आक्रोशित लोग शांत हुए।
गोरापड़ाव-हाथीखाल दो किमी सड़क 12 साल से बदहाल है। इस मार्ग पर खनन वाहनों के साथ ही तीन गांवों के 100 से अधिक परिवारों के लोग आवाजाही करते हैं। बीती आठ अक्तूबर को सिटी मजिस्ट्रेट ने लोगों की मांग पर लोनिवि अधिकारियों से वार्ता की तो 25 अक्तूबर से सड़क डामरीकरण कराने का आश्वासन दिया गया। लेकिन तय समय के बावजूद सड़क जस की तस रही। इससे गुस्साए लोग रविवार सुबह गोरापड़ाव के पास सड़क पर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। वे लोनिवि के खिलाफ नारे लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे थे। करीब ढाई घंटे बाद लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार व सहायक अभियंता हेमंत साह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में अर्जुन रौतेला, पार्षद मनोज जोशी, सुंदर बिष्ट, दीपू धपोला, पुष्कर, मान सिंह, नरेंद्र राणा, हितेश धपोला, हिमांशु, दीपांशु, पंचम धपोला, लक्ष्मण बिष्ट, प्रकश धपोला, रजनी,दीपा, ललित, जगदीश शर्मा आदि शामिल रहे। लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रत्यूष कुमार ने बताया कि गोरापड़ाव-गौला सड़क का टेंडर 28 अक्तूबर को खुलना है। खनन न्यास से इस सड़क को बनाया जाना है। इसकी लागत 2.50 करोड़ रुपये है।