नैनीताल। राजभवन रोड पर वन-वे ट्रैफिक प्लान के विरोध में बुधवार को सरोवर नगरी में लगातार नौ घंटे तक जाम लगाने वाले जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को आमसभा कर पुलिस द्वारा फांसी गधेरे के पास अधिवक्ताओं के वाहनों को रोकने के एसएसपी के निर्देशों की भर्त्सना की। बार एसोसिएशन ने एक स्वर से एसएसपी के तबादले की मांग करते हुए राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। बताते चलें कि जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से पर्यटन सीजन को देखते हुए सरोवर नगरी में नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने फांसी गधेरे के पास तल्लीताल से कलक्ट्रेट और जजी की ओर जाने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहनों को रोकते हुए वाया मल्लीताल-बारापत्थर होकर जाने को कहा। इससे कलक्ट्रेट की ओर जा रहे अधिवक्ता भड़क उठे। नए ट्रैफिक प्लान के विरोध में अधिवक्ता बुधवार को न केवल कार्य से विरत रहे, बल्कि उन्होंनेे फांसी गधेरे में सुबह से शाम तक जाम भी लगाया। घंटों की मशक्कत के बाद प्रशासन ने पूर्व व्यवस्था लागू करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने जाम खोल दिया।
शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन ने आमसभा कर प्रशासन के नए ट्रैफिक प्लान को पूरी तरह अव्यवहारिक करार देते हुए कहा कि इससे न केवल स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और सैलानियों की दिक्कतें बढ़ेंगी। वक्ताओं ने कहा कि एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने अधिवक्ताओं के वाहन रोककर उन्हें कार्य से वितर रहने को मजबूर किया था।
उन्होंने एसएसपी का तबादला करने समेत सरोवर नगरी के हित में प्रशासन की ओर से कराई जाने वाली बैठकों में जिला बार एसोसिएशन और समस्त सामाजिक संगठनों की सहभागिता कराने की मांग की। बैठक में बार अध्यक्ष ज्योति प्रकाश, दीपक रूबाली, ओंकार गोस्वामी, भरत भट्ट, कैलाश जोशी, मनीष जोशी, पंकज कुरौला, भुवन जोशी और एमबी सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए।
नैनीताल। वकीलों के आंदोलन और धरने के बाद प्रशासन ने शुक्रवार से फिर पुरानी ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। बता दें तल्लीताल से कलक्ट्रेट मोटर मार्ग को वन-वे किए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर वकीलों ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर सुबह 10 बजे से शाम सात बजे तक तल्लीताल फांसी गधेरे पर जाम लगा दिया था। कलक्ट्रेट मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी थी। फिलहाल अब पुरानी व्यवस्था के तहत वाहनों का आवागमन हुआ।