हल्द्वानी। सांसद अजय भट्ट ने देहरादून से काठगोदाम को चलने वाली नैनी दून जनशताब्दी (12091) के समय में बदलाव करने के साथ ही रामनगर से देहरादून और दिल्ली के लिए शताब्दी जैसी चलाने की बात कही है। सांसद भट्ट ने रामनगर-चौखुटिया रेल लाइन को वाया खंसर होते हुए गैरसैंण से जोड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस लाइन को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से मिलाया जा सके और उत्तराखंड की राजधानी भी रेल लाइन से जुड़ सके।
सांसद भट्ट ने यह सुझाव पूर्वोत्तर रेलवे इज्जत नगर मंडल कार्यालय में आयोजित बैठक में दिया। बैठक में इज्जतनगर मंडल के सेवित संसद सदस्यों और प्रतिनिधि के अलावा महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे राजीव अग्रवाल समेत उच्चाधिकारी शामिल थे। उन्होंने ट्रेन देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस (14120) के समय सारिणी में बदलाव करने काठगोदाम स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने समेत अन्य सुझाव भी दिए।
उन्होंने काशीपुर क्षेत्र में बन रहे दो रेलवे ओवर ब्रिज के काम की प्रगति धीमी होने का मुद्दा भी उठाया। बरेली के सांसद एवं श्रम व रोजगार राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार के प्रतिनिधि डॉ. अरुण कुमार ने एक जन शताब्दी ट्रेन काठगोदाम से नई दिल्ली वाया बरेली ( प्रतिदिन) और एक सुपरफास्ट ट्रेन काठगोदाम- बंगलूरू-वास्कोडिगामा तक संचालित करने का सुझाव दिया। बैठक की अध्यक्षता फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने की। संचालन उप महाप्रबंधक आनंद ऋषि श्रीवास्तव ने किया। बैठक में कन्नौज, मुरादाबाद आदि जगहों के सांसद के अलावा डीआरएम दिनेश कुमार सिंह समेत अन्य रेल अधिकारी मौजूद थे।