गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक के शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग किनारे स्थित बढ़ेरी गांव में सरकारी खनन पट्टे के स्वीकृत होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। धारी-खैरनी के ग्रामीणों ने एसडीएम वीसी पंत से पट्टे को निरस्त करने की मांग की है। साथ ही समस्या हल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस जगह खनन पट्टे का सीमांकन हुआ है वहां ग्रामीणों की पेयजल पंपिंग योजना है। कहा कि आपदा में ग्रामीणों की जमीन भी बह गई थी। उनका कहना है कि खनन के पट्टे के स्वीकृत होने से ग्रामीणों को पेयजल पंपिंग योजना के साथ उनके खेतों को खतरा पैदा हो जाएगा। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान नंदन सिंह, खुशाल सिंह, मदन मोहन सिंह, दीपक कुमार, माधव सिंह, चंदन सिंह, कुंदन सिंह मौजूद रहे।