पर्यटन नगरी नैनीताल में बुधवार की शाम प्रस्तावित गरबा और डांडिया कार्यक्रम में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि उप जिलाधिकारी और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को भी भेजी गई है।
बजरंग दल के जिला संयोजक मनोज कुमार की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पर्यटन नगरी में बीते कई वर्षों से लेक सिटी वेलफेयर समिति के तत्वावधान में गरबा और डांडिया का आयोजन किया जाता है। संगठन ने गरबा को मां शक्ति की आराधना और हिंदू देवी-देवताओं से जुड़ी परंपरा बताते हुए कार्यक्रम में केवल हिंदू युवक-युवतियों को शामिल किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ऐसे आयोजनों में गैर हिंदुओं की भागीदारी से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। संगठन ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।