लालकुआं (नैनीताल)। लालकुआं ट्रक संघर्ष समिति माहभर से ओवरलोड वाहनों को रोककर पुलिस को सौंप रही है। इसके बावजूद बृहस्पतिवार को पुलिस ने ओवरलोड हाइवा ट्रक बिना कार्रवाई छोड़ दिया। इससे आक्रोशित ट्रांसपोर्टरों ने कोतवाली में जमकर हंगामा काटा। कहा कि पुलिस ने खनन माफिया की पेरोकारी की तो ट्रांसपोर्टर आंदोलन करेंगे।
ट्रांसपोर्टर माहभर से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने वन विकास निगम के डिपो नंबर चार के पास तंबू लगाया है। वहां मौजूद ट्रांसपोर्टर ओवरलोड वाहनों को रोककर पुलिस को सूचित कर रहे हैं।
इसी क्रम में गुरुवार शाम हल्द्वानी की ओर से 305 कुंतल रेत लेकर आ रहे हाइवा डंपर को उन्होंने हल्दूचौड़ पुलिस चौकी को सौंप दिया, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस कर्मियों ने हाइवा छोड़ दिया। इससे आंदोलनरत ट्रांसपोर्टर भड़क गए।
उन्होंने पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। ट्रांसपोर्टरों ने कोतवाल यूएस दानू का घेराव कर नाराजगी जताई। कहा कि एक ओर सरकार ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है, वहीं पुलिस प्रशासन आरोपियों को संरक्षण दे रहा है।
कोतवाल दानू ने बमुश्किल ट्रांसपोर्टरों को समझाया। इस दौरान ट्रांसपोर्टर गुरुनाम सिंह रिंटू, दिनेश लोहनी, महेश चौधरी, जगदीश राठौड़, इंतजार अंसारी, बाबू गुप्ता, उमेश राणा, असीम राघव, चंद्रेश भाटिया, अजीत चौधरी, इकराम खान, पिंटू चौधरी, प्रमोद राय, असलम खान आदि थे।