हल्द्वानी। वन टीम ने जंगल में आग लगा रहे पशुपालक को पकड़ लिया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। तराई केंद्रीय वन डिवीजन की भाखड़ा रेंज के अंतर्गत लामाचौड़ के जंगल का हिस्सा है। बृहस्पतिवार को रेंज ऑफिसर राम सिंह बिष्ट गश्त पर थे। इस बीच उन्होंने जंगल के प्लाट नंबर 50 व 74 में आग लगाते हुए एक पशुपालक को पकड़ लिया।
इस हिस्से में वन महकमे ने भारी संख्या में पौधरोपण किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भूपेंद्र जोशी निवासी लामाचौड़ बताया। जब वन टीम ने आग लगाने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह जंगल की पुरानी घास जला रहा था ताकि बारिश के बाद जंगल में नई व मुलायम घास उग सके।
टीम के मुताबिक भूपेंद्र की कई गायें हैं और वह यहां गायें चराने आता था। फिलहाल वन अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय वन्य अधिनियम की धारा 26 के अंतर्गत केस दर्ज किया जा रहा है। एसडीओ हल्द्वानी नवीन चंद्र पंत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है, जल्द ही आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
लालकुआं (नैनीताल)। गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलों में भी आग धधकने लगी है। बृहस्पतिवार सुबह तराई पूर्वी वन प्रभाग के गौला रेंज के अंतर्गत मोटाहल्दू बेरीपड़ाव क्षेत्र के जंगल में आग लग गई। हवा चलने से आग की चपेट में कई एकड़ वन भूमि आ गई। बाद में दमकल विभाग ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार सुबह जंगल में आग लगने की सूचना पर विभाग के अधिकारियों के फोन घनघनाने लगे। मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। फायर लाइन न होने की वजह से दमकल कर्मियों को काफी मेहनत करनी पड़ी।
रामनगर। पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक राष्ट्रीय स्तर पर अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा एवं जनहित मेें आग से बचाव, सुरक्षा के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत 14 अप्रैल को जिले में अग्नि सुरक्षा संबंधी रैली निकाली जाएगी।
15 अप्रैल को शिक्षण संस्थानों में फायर सर्विस ड्रिल होगी। 16 अप्रैल को बैंकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण, अभ्यास कराया जाएगा। 17 अप्रैल को औद्योगिक क्षेत्रों मेें अग्नि सुरक्षा सिखाई जाएगी। 18 अप्रैल को स्वयंसेवी संस्थानों के साथ गोष्ठी होगी। 19 अप्रैल को अग्निशमन केंद्र पर श्रमदान के माध्यम से सुंदरीकरण 20 अप्रैल को अग्निशमन सप्ताह के समापन पर रैली निकाली जाएगी।