रामनगर। कॉर्बेट जिप्सी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फाटो जोन की बुकिंग ऑनलाइन कराने की मांग को लेकर मंगलवार को तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य का घेराव किया। इस दौरान उनकी डीएफओ से तीखी बहस भी हुई। चेतावनी दी कि यदि 15 दिन में मांग पर कार्यवाही नहीं की गई तो जिप्सी एसोसिएशन आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी डीएफओ की होगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश छिम्वाल ने बताया कि फाटो जोन को खुले करीब तीन वर्ष हो गए हैं और तभी से इस जोन में गेट से ही बुकिंग हो रहीं है। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और रामनगर वन प्रभाग के सभी पर्यटन जोन ऑनलाइन है। काफी समय से इस जोन को भी ऑनलाइन करने के लिए मांग की जा रही है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
डीएफओ ने 15 दिन के भीतर जोन की बुकिंग ऑनलाइन करने का आश्वासन दिया। वहां एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मो. फैसल, सचिव उमर मोहम्मद, कोषाध्यक्ष नूर मोहम्मद खान, उपसचिव राजेश कुमार, गिरीश धसमाना, पवन पूरी, उमेद सिंह नेगी, संतोष, कमल, फईम, वसीम नईम, इकराम आदि मौजूद रहे।