हल्द्वानी। शनि बाजार नाले का डायवर्जन मंडी चौराहे पर सिंचाई नहर में किए जाने का क्षेत्र के लोगों ने विरोध किया है। उनका कहना है कि नाले की गंदगी के सिंचाई नहर में पहुंचने से नहर तो प्रदूषित हो ही रही है इससे लगे खेतों में कूड़ा कचरा और प्लास्टिक का ढेर लग गया है। उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र देकर इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
बरेली रोड निवासी टीका सिंह ने डीएम को ज्ञापन कहा कि देकर शहर से निकलने वाले तीन गंदे नाले शनि बाजार क्षेत्र के नाले में गिरते हैं। शनि बाजार नाले का डायवर्जन मंडी चौराहे पर सिंचाई नहर में किया गया है। पूर्व में इस नाले का डायवर्जन इंद्रानगर गेट में रेलवे लाइन के नीचे से ट्रीटमेंट प्लांट में किया जाना प्रस्तावित किया गया था। इस कार्य के लिए मंडी चौराहे पर खोदाई भी की गई थी। आरोप है कि कई बार मांग करने के बाद भी स्थानीय प्रशासन ने बरेली रोड के लोगों की इस समस्या का समाधान नहीं कराया है। उन्होंने जिलाधिकारी से सिंचाई नहर में छोड़ी जा रही गंदगी का डायवर्जन इंद्रानगर गेट में रेलवे लाइन के नीचे से होकर ट्रीटमेंट प्लांट में कराने की मांग की है।