नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में दिल्ली की एक युवती के साथ टैक्सी चालक की ओर से मारपीट कर दुष्कर्म करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचकर जंगल की ओर भाग गई और पूरी रात जंगल में छिपकर बिताई। सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली निवासी युवती घूमने के लिए देहरादून से बस से देर रात हल्द्वानी पहुंची थी। यहां से वह टैक्सी में बैठकर नैनीताल के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि जब टैक्सी बल्दियाखान के पास पहुंची तो नशे में धुत चालक ने गाड़ी को मुख्य मार्ग से हटाकर पटवाडांगर मार्ग की ओर मोड़ दिया। करीब दो किलोमीटर आगे ले जाकर चालक ने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट भी की। इसी बीच युवती मौका पाकर टैक्सी से उतरकर भागने लगी। उसने मोबाइल से परिचितों को फोन करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया। घबराई युवती जान बचाने के लिए जंगल की ओर भाग गई। आरोपी कुछ देर तक उसे तलाशता रहा, लेकिन नहीं मिलने पर वह युवती का बैग, मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया। डरी-सहमी युवती पूरी रात जंगल में छिपकर बैठी रही। सुबह वह गांव के रास्ते पैदल बल्दियाखान को निकली तो क्षेत्र की एक महिला ने उसको नंगे पैर चलते देख पूछताछ की। महिला ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने युवती से पूछताछ की तो पूरी बात सामने आई। ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल ने पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद सुबह करीब पौने आठ बजे एसआई बबीता व एसआई सतीश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती से पूरी जानकारी लेने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से युवती का छाते का डंडा, चप्पल और पर्स बरामद किया गया। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
-
इनसेट-
आरोपी के छाते के डंडे से युवती को मारने की भी कोशिश की
नैनीताल। युवती ने बताया कि युवक ने उसके साथ जबरदस्ती करने के लिए उसको बहुत मारा। जब वह नहीं मानी तो छाते के डंडे को उसके पेट पर भी मारा। बताया कि वह दर्द में उससे छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन वह जबरदस्ती करता रहा। बड़ी मुश्किल से वह उससे जान बचाकर भागी। कहा कि अगर वह भागने में सफल नहीं होती तो वह उसको मार भी सकता था।
-
इनसेट-
घटना स्थल से दो किलोमीटर आगे फेंका युवती का मोबाइल
नैनीताल। युवती के भागने के दौरान आरोपी ने युवती का मोबाइल छीन लिया। जब पुलिस के साथ युवती घटना स्थल पर मोबाइल खोजनी लगी तो मोबाइल नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली। जिसके आधार पर घटना स्थल से दो किलोमीटर दूर पटवाडांगर कलौना मार्ग में युवती का मोबाइल की लोकेशन पाई गई। जिसके बाद पुलिस ने घंटों तक मोबाइल की तलाश की लेकिन क्षेत्र में मोबाइल नहीं मिल पाया। फिलहाल पुलिस लगातार मोबाइल खोज रही है।
कोट- पर्यटक युतती के साथ मारपीट, लूट व दुष्कर्म का प्रयास किया गया है। जिसके तहत टैक्सी चालक केखिलाफ संबंंधित धाराओं के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी, नैनीताल