हल्द्वानी। कोतवाली से चंद कदम दूरी पर ही ठगों ने दिल्ली जा रहे युवक को अपने झांसे में लेकर 25 हजार रुपये की चपत लगा दी। युवक के अनुसार ठगों ने खुद को डाक विभाग का कर्मचारी बताया। पुलिस में शिकायत करने पर पुलिस ने उसकी ही गलती बताकर मामले से पल्ला झाड़ लिया।
गरुड़ बागेश्वर निवासी भुवन पांडे पुत्र कृष्ण दत्त पांडे दिल्ली में नौकरी करता है। रविवार को भुवन दिल्ली जाने के लिए बस के इंतजार में कोतवाली के समीप स्थित रोडवेज परिसर में खड़ा था। वहीं की एक दुकान से पानी की बोतल लेने के दौरान भुवन की मुलाकात एक अन्य व्यक्ति से हुई। बातचीत में उक्त युवक ने खुद को डाक विभाग का कर्मचारी बताकर विभागीय काम से दिल्ली जाने की बात कही। इसी दौरान वहां पहुंचे युवक के दूसरे साथी ने भुवन से उनकी कार से साथ में दिल्ली चलने की बात कही। कार से जल्द दिल्ली पहुंचने और कम किराये के झांसे में आकर भुवन उनके साथ निकल गया।
कुछ आगे जाने पर दोनों युवकों ने भुवन के पास रखी कैश रकम को सुरक्षित कार में रखने की बात कहकर उससे रकम मांगी। भुवन ने अपने पास रखे 25 हजार रुपये एक लिफाफे में रखकर युवकों को सौंप दिये। थोड़ा आगे जाने पर ठगों ने भुवन से आवश्यक काम याद आने की बात कहकर किसी और गाड़ी से उसे दिल्ली जाने को कहा और रकम का लिफाफा भी उसे सौंप दिया। थोड़ी देर बाद भुवन ने लिफाफा खोला तो लिफाफे में रद्दी कागज देखकर उसके होश उड़ गये। भुवन ने तुरंत कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। लेकिन कोतवाली पुलिस ने भुवन पर अंजान लोगों पर विश्वास करने की गलती करने की बात कहकर बिना कोई कार्रवाई किये मामले से पल्ला झाड़ लिया।