नैनीताल में रविवार को दिनभर बारिश नहीं होने से लोगों ने राहत महसूस की। इस बीच शाम करीब छह बजे नैनीताल-हल्द्वानी एनएच पर गांव के समीप पास से सड़क में मलबा आने से यह मार्ग एक घंटे तक बंद रहा। सड़क बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में जेसीबी से मलबा हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया।
इस बीच बारिश की वजह से जिले के तीन मोटर मार्ग बंद हैं, जिसमें बानना मोटर मार्ग, चिमडिया-छोड़ी और छयोडीधूरा-सुयालखेत मार्ग शामिल हैं। उधर, काठगोदाम में गुलाब घाटी के पास सड़क क्षतिग्रस्त है। इसके कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बनी हुई है। रविवार दोपहर को एक बार फिर जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। पुलिस कर्मियों ने जैसे-तैसे कर वाहनों को निकाला। जाम लगने से काठगोदाम डिपो तक वाहनों की कतारें लगी हुई थी।
नैनीताल रोड ठीक होने में और लगेंगे सात दिन
गुलाब घाटी के पास नैनीताल रोड सात दिन पहले धंस गई थी। इसके चलते मार्ग संकरा हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग ने मार्ग रिपेयर करने का काम शुरू किया है, लेकिन सात दिन से पहले रोड ठीक होने के आसार कम है। ईई महेंद्र कुमार कहते हैं कि धंसाव से काफी नुकसान हुआ है।
मार्ग को ठीक करने का काम किया जा रहा हे, अगर कोई तकनीकी दिक्कत नहीं आई तो 31 जुलाई तक मार्ग को खोल दिया जाएगा। इसके अलावा बरसात के कारण नैनीताल रोड पर कई जगह सड़क खराब हो गई थी, उसका पैच वर्क भी शुरू किया गया है। अधीक्षण अभियंता जीएस पांगती कहते हैं कि नैनीताल रोड के चौड़ीकरण के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है।