नैनीताल। बजून ग्राम सभा के दूधिला तोक में पांच परिवार पांच वर्षों से आपदा का दंश झेल रहे हैं। पहाड़ी में भूस्खलन के चलते हर बरसात में मलबा भवनों तक घुस रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बचाव कार्य कराने की मांग की है।
नैनीताल के समीपववर्ती बजून-अधौड़ा मार्ग पर दूधिला तोक के ठीक ऊपर सड़क पर भूकटाव हो रहा है। भूकटाव के चलते भारी मात्रा में मलबा गिरकर बजून ग्राम पंचायत के दूधिला तोक में हरेंद्र ढैला, तारा ढैला, पूरन सिंह ढैला, भोपाल ढैला व रमेश सिंह के घर तक पहुंच गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के बाद पांच वर्ष पूर्व पहाड़ी में धंसाव शुरू हुआ तो भारी मलबा उनके घरों तक आ गया। इससे पूरी पहाड़ी आबादी क्षेत्र के लिए खतरा बन गई है। भूस्खलन के बाद प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से पत्राचार कर पहाड़ी से गिर रहे मलबे की रोकथाम की मांग की गई है। सडीएम नवाजिश खलिक ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का जायजा लिया गया। वर्तमान में वहां पर तीन परिवार रहते हैं जिन्हें शिफ्ट किया जा रहा है। पहाड़ी का ट्रीटमेंट करने के लिए भी करवाई की जा रही है।