हैड़ाखान मोटर मार्ग में सड़क किनारे पड़ा मलबा। संवाद
पतलोट (नैनीताल)। नैनीताल और चंपावत जिले को जोड़ने वाले हैड़ाखान मोटर मार्ग पर पिछली बरसात में सड़क पर गिरा मलबा लोक निर्माण विभाग अभी तक नहीं हटा पाया है। इस कारण आवाजाही करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों में दुर्घटना का भय बना हुआ है।
हैड़ाखान मोटर मार्ग से ओखलकांडा, पतलोट, खनस्यूं समेत चंपावत जिले के यात्री रोजाना हल्द्वानी के लिए आवाजाही करते हैं। पिछली बरसात में सड़क पर जगह-जगह गिरा मलबा वाहन चालक और यात्रियों के लिए मुसीबत बना हुआ है। सड़क पर गड्ढे होने के साथ कई कॉजवे से सरिया भी बाहर निकलने लगी है।
ओखलकांडा ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष निर्मल मटियाली ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से सड़क से मलबा हटाने की मांग की जा रही पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने लोनिवि से जल्द मलबा हटाने को कहा है। नैनीताल लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सक्सेना ने कहा कि टेंडर हो चुका है। जल्द मलबा हटाया जाएगा।