हल्द्वानी./नैनीताल। एसटीएच में शनिवार को दो कोरोना मरीजों की मौत हो गई जबकि 93 नए मामले सामने आए। मरने वालों में कोटाबाग निवासी 77 वर्षीय बुजुर्ग और काठगोदाम निवासी 63 महिला शामिल हैं। एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि अस्पताल में कोरोना संक्रमित 87 मरीज भर्ती हैं। इसमें से 45 मरीजों की हालत गंभीर है। नैनीताल में तल्लीताल क्षेत्र में शनिवार को एक होटल स्वामी रैपिड एंटीजन टेस्ट में कोरोना संक्रमित पाया गया।
कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इसे कोरोना की दूसरी लहर मानने से इंकार किया है। जनपद में पिछले 10 दिनों में 536 मरीज मिले हैं। औसतन एक दिन में 50 मरीज मिलने की रफ्तार बनी हुई है जबकि प्रतिदिन औसतन 1000 सैम्पलों की जांच की जा रही है। एसीएमओ डॉ रश्मि पंत ने कहा कि नैनीताल जनपद में कोरोना सैंपल लिए जाने की रफ्तार बढ़ाई गई है। अब एक ही दिन में कोरोना के टेस्ट भी ज्यादा हो रहे हैं।