भवाली/रामगढ़। मल्ला रामगढ़ में रविवार सुबह 11 केवी की लाइन पर काम करते समय करंट लगने से 24 वर्षीय लाइनमैन झुलस गया। स्थानीय लोग उसे रामगढ़ सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लाइनमैन की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी कर अस्पताल में प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार रविवार को विवेक हर्नवाल (24) निवासी मल्ला रामगढ़ 11 केवी की लाइन पर काम कर रहा था। काम करने से पहले उसने शटडाउन भी लिया था। काम करते समय अचानक बिजली की लाइनों में करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से विवेक बुरी तरह झुलस गया और पोल से नीचे गिर गया। स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामगढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉ. चेतन टम्टा ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही विवेक की मौत हो गई थी। परिजनों और ग्रामीणों ने छह घंटे तक अस्पताल में प्रदर्शन किया। ऊर्जा निगम के ईई और एसडीओ ने छोटे भाई को नौकरी और चार लाख रुपये का मुआवजा देने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण माने। ग्रामीणों ने कहा कि विभाग की लापरवाही के चलते युवक की जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है।
करंट लगने के मामले की जांच की जा रही है। विभाग की ओर से तत्काल 80 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी गई है। साथ ही छोटे भाई को शैक्षणिक योग्यता पूर्ण करने के बाद एसएचजी के माध्यम से नौकरी दी जाएगी। -नितिन सिंह, ईई, ऊर्जा निगम
इस तरह की घटना होना विभाग की बड़ी लापरवाही है, जिसने एक घर के चिराग को बुझा दिया। मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। घटना के लिए जिम्मेदार पर कार्रवाई के साथ मृतक के परिवार को विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रदीप ढैला, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख, रामगढ़
विभाग की लापरवाही से युवक की मौत हुई है। विभाग को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देना चाहिए। - नवाब हुसैन, उपाध्यक्ष युवा जिला कांग्रेस