चंपावत। आईटीबीपी के सेवानिवृत्त सूबेदार का अपनी दुलारी बेटी को अपने हाथों विदा करने का ख्वाब टूट गया। कोरोना संक्रमित पिता की ठीक विवाह के दिन मंगलवार सुबह जिला अस्पताल के कोविड वार्ड में मौत हो गई। इससे विवाह तो टालना ही पड़ा, पूरे परिवार में भी कोहराम मच गया। खटीमा से आने वाली बरात को भी आनन-फानन रोकना पड़ा।
जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि कोलीढेक निवासी छत्तर सिंह (63) की कोरोना संक्रमण से सोमवार रात मौत हो गई। ऑक्सीजन का स्तर बेहद कम होने और छाती में गंभीर संक्रमण होने से उन्हें बचाने के तमाम प्रयास नाकाम रहे। पूरे परिवार में कोहराम मच गया। कोलीढेक में जहां शहनाई बजनी थी, वहां मातम छा गया।
छत्तर सिंह की बेटी का 25 मई को विवाह होना था। एक दिन पहले यानी सोमवार को हल्दी का आयोजन भी हो गया था। मंगलवार को खटीमा से दूल्हे के पक्ष के पांच लोग आने थे। खटीमा से दूल्हे पक्ष के लोग घर से निकलने ही वाले थे, तभी उन्हें यह मनहूस खबर मिली।
मई में हुए विवाह में घटित कुछ घटनाक्रम
2 मई : टनकपुर से पाटी ससुराल पहुंचने के दस घंटे बाद दुल्हन की मौत।
8 मई : बेलखेत में आठ मई को ब्याह हुआ, लेकिन कोरोना संक्रमित दुल्हन 11 दिन बाद 18 मई को ससुराल पहुंची।
12 मई : कंटेनमेंट जोन स्वांला में दूल्हे के घर ही हुए पुनाबे से गई दुल्हन के सात फेरे।
14 मई : कंटेनमेंट जोन स्वांला में दूल्हे के घर में ही हुईं लोहाघाट से गई दुल्हन के ब्याह की रस्में।
21 मई : पिथौरागढ़ से तल्लादेश आई एक दिन की बरात सड़क बंद होने से दो दिन में निपटी।