पिथौरागढ़। जिले में पहली बार कोरोना से ढाई साल की बच्ची की मौत हो गई। मंगलवार को बच्ची का सीएचसी बेड़ीनाग में प्राथमिक उपचार किया गया था। इसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सीएचसी बेड़ीनाग के डॉ. सिद्धार्थ पाटनी ने बताया कि मंगलवार सुबह 7:30 बजे बच्ची को उसके माता-पिता अस्पताल लेकर आए थे। बच्ची की सांसें तेज चल रहीं थीं। इसके बाद उसकी रैपिड एंटीजन जांच की गई। इसमें वह पॉजिटिव मिली।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसके माता-पिता ने अपनी कोविड जांच कराने से मना कर दिया। बच्ची गंगोलीहाट क्षेत्र की निवासी है।
वहीं सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि मंगलवार को जिला अस्पताल में कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई हैं। इसमें ढाई साल की एक बच्ची भी है।
बच्ची को बेड़ीनाग में प्राथमिक उपचार के बाद 108 से जिला अस्पताल लाया जा रहा था लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दो बच्चे संक्रमित हुए थे लेकिन वे स्वस्थ हो गए थे।