Death in the accident, car test
- फोटो : amar ujala
ग्राम बसई के पास शनिवार देर रात हुए हादसे में अल्मोड़ा निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार के परखचे उड़ गए। युवक अपने रिश्तेदार की शादी में काशीपुर आया था, जो देर रात कार से अपने दोस्तों से मिलने रामनगर की ओर जा रहा था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अल्मोड़ा के ग्राम लोधिया निवासी विवेक बजेठा पुत्र जगदीश बजेठा (25) रिश्तेदार की शादी में काशीपुर आया था।
बताया जाता है कि बारात पहुंचने के बाद देर रात को वह दूल्हे के लिए सजाई गई स्विफ्ट डिजायर कार (यूके 01 टी ए 2520) लेकर रामनगर की ओर दोस्तों से मिलने आ रहा था। ग्राम बसई के पास विवेक की कार की टक्कर एक अज्ञात वाहन से हो गई।
हादसा इतना जबर्दस्त था कि विवेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार के परखचे उड़ गए। कार की स्थिति देखकर लगता है कि उसकी स्पीड काफी तेज रही होगी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल विक्रम राठौर ने शव और कार को कब्जे में लेते हुए मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचना दी।
रविवार सुबह परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता जगदीश बजेठा ने बताया कि विवेक दो बहनों का अकेला भाई था। जगदीश की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 427, 304ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।