द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। तहसील के सुदूरवर्ती क्षेत्र डंगरखोला में 24 जुलाई को जंगली मशरूम खाने से बीमार हुए युवक ने उपचार के दौरान शनिवार तड़के दम तोड़ दिया। एक ग्रामीण की पहले ही मौत हो चुकी है। दो अन्य का बेस अस्पताल हल्द्वानी में उपचार चल रहा है। उनकी तबीयत भी गंभीर है।
तहसील के डंगरखोला (उत्तमसाणी) में जंगली मशरूम और चावल खाने से 24 जुलाई को सात लोग बीमार पड़ गए थे। उन्हें द्वाराहाट, रानीखेत के बाद हल्द्वानी ले जाया गया था। 28 जुलाई को डंगरखोला निवासी मोहन चंद्र मिश्रा की मौत हो गई थी। शनिवार तड़के करीब चार बजे ग्राम नौबाड़ा निवासी लालू राम पुत्र विष्णु राम ने भी दम तोड़ दिया है। उसके शव का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार मशरूम खाने वाले दो अन्य लोग अब भी गंभीर हैं। उत्तमसाणी के आरएसआई पीएन गोस्वामी ने बताया कि ग्राम पटास निवासी हुकम सिंह का उपचार हल्द्वानी बेस अस्पताल में चल रहा है, जबकि दुलागढ़ी निवासी वीरेंद्र सिंह खत्री को दिल्ली रेफर करने की सूचना है।