रामनगर। कोसी बैराज के पास नदी किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का क्षत विक्षत शव मिला। पुलिस ने शिनाख्त कराकर उसके परिजनों को सूचना दी और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है।
एसएसआई द्वितीय मनोज नयाल ने बताया कि अंकित यादव (21) पुत्र स्व. गोपाल यादव मुरादाबाद के पटपट सराय का रहने वाला था। वह मुरादाबाद में चांदी गलाने का काम करता था। बताया कि वह 13 मार्च को काशीपुर के मोहल्ला ओझान निवासी मौसी भगवती देवी से मिलने आया था।
17 मार्च को वह काशीपुर से मुरादाबाद जाने के लिए निकला था, लेकिन मुरादाबाद नहीं पहुंचा। अंकित के पास मोबाइल नहीं था, जिस कारण उससे संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने काशीपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बताया कि शनिवार दोपहर को कोसी बैराज के पास झाड़ियों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। शिनाख्त के बाद उसके परिजनों को सूचित किया गया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम हाउस में अंकित की मौसी ने हत्या की आंशका जताई है। बताया कि वह एक बहन और तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर चलेगी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।