दीपावली पर हल्द्वानी शहर में बिजली की खपत बढ़ गई है। घरों में झालर, लाइटिंग और सजावटी उपकरणों के इस्तेमाल के साथ ही बाजारों, प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक परिसरों को रोशन किया गया है। इससे शाम से देर रात तक बिजली का इस्तेमाल सामान्य दिनों की अपेक्षा पांच फीसदी बढ़ गया है।
यूपीसीएल के रिकॉर्ड के मुताबिक, त्योहार पर नैनीताल जिले में एक दिन में 1.75 लाख यूनिट बिजली का खर्च बढ़ गया है। पहाड़ के मुकाबले मैदानी जिलों में बिजली की मांग अधिक है।
ऊर्जा निगम ने दीपावाली पर विद्युतापूर्ति सुचारु रखने के मद्देनजर तैयारियां की हैं। जिले के हल्द्वानी टाउन और ग्रामीण डिविजन में क्रमश: 62 हजार और 1.16 लाख उपभोक्ता हैं। इन पर सामान्य दिनों में एक दिन में 16 से 17 लाख यूनिट बिजली की खपत है। जिले के नैनीताल और रामनगर डिविजन को मिलाकर करीब 2.70 लाख उपभोक्ता एक दिन में 30 से 35 लाख यूनिट बिजली खर्च कर रहे हैं।
पीक ऑवर्स में बिजलीघरों में रहेंगे एसडीओ-जेई
त्योहार में कोई बिजली का खलल न पड़े इसके लिए यूपीसीएल ने शुक्रवार से बिजलीघरों में एसडीओ और जेई की ड्यूटी लगाई गई है। अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि पीक ऑवर्स में एसडीओ-जेई शाम छह बजे से रात 10:30 बजे तक सघन निगरानी करेंगे। लाइनों पर फॉल्ट होने पर इसे तत्काल दुरुस्त कराना होगा।
इस बार दीपावली पर पांच फीसदी तक बिजली की खपत बढ़ने का अनुमान है, कहीं फॉल्ट आदि न हुए तो निर्बाध रूप से बिजली मुहैया कराई जाएगी।
-रवि कुमार राजौरा, अधीक्षण अभियंता यूपीसीएल