लावारिस कुत्ते लोगों का त्योहार खराब कर रहे हैं। शुक्रवार को लावारिस कुत्तों ने हल्द्वानी से काठगोदाम तक 12 लोगों को नोंच डाला। इससे घायल लोगों ने बेस अस्पताल और निजी हास्पिटल में उपचार कराया। गौरतलब है कि पिछले दिनों बद्रीपुरा समेत कई क्षेत्रों में लावारिस कुत्तों ने 40 लोगों को काटा था।
धनतेरस के मौके पर दोपहर बाद लोगों की भीड़ बढ़ने लगी थी। इसी दौरान नैनीताल रोड पर सहकारी बैंक के पास से लेकर कालूसिद्ध मंदिर तक एक लावारिस कुत्ते ने महिला समेत 10 लोगों को काट दिया। लावारिस कुत्ता भीड़ में चल रहे लोगों को नाखून और दांत गड़ाता चला गया। वे सभी एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने बेस अस्पताल पहुंचे।
शेल्टर हाउस न होने से कुत्तों पर नहीं नियंत्रण
नगर निगम के पास डॉग शेल्टर न होने से भी असुविधा हो रही है। निगम के पास शहर में आतंक मचाने वाले कुत्तों को रखने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं। केवल एबीसी सेंटर उपलब्ध है, यहां केवल बधियाकरण किया जाता है। निगम सूत्रों के अनुसार शहर में 35 हजार स्ट्रीट डॉग हैं, इनमें से 21 हजार का बधियाकरण किया जा चुका है। इस साल 10 हजार कुत्तों के बधियाकरण का लक्ष्य रखा गया है। जिले में पिछले एक साल में कुत्तों के काटने से 10 हजार लोग जख्मी हुए हैं, इन सभी ने सरकारी अस्पतालों में एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया।
स्ट्रीट डॉग के लोगों के काटने की सूचना नहीं मिली है, निगम प्रशासन लावारिस कुत्तों पर नियंत्रण के लिए काम कर रहा है, डॉग शेल्टर हाउस की डीपीआर स्वीकृति के लिए शहरीय विकास निदेशालय में भेजी गई है।
-डॉ.सीएस टोलिया,
वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी