नैनीताल। राम सेवक सभा की ओर से नैनीताल में मंगलवार से नौ दिवसीय 26वां होली फागोत्सव शुरू होगा। फागोत्सव में पहली बार नंदा देवी महोत्सव की तर्ज पर महिला होली जुलूस और स्वांग भी होंगे। फागोत्सव में बीस महिला होली टीमों के साथ ही तमाम होल्यार हिस्सा लेंगे। आयोजक संस्था की ओर से फागोत्सव कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सोमवार को राम सेवक सभा भवन में सभा के अध्यक्ष मनोज साह और महासचिव जगदीश बवाड़ी ने पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फागोत्सव के तहत पहले दिन मंगलवार को तल्लीताल धर्मशाला से महिला होली जुलूस निकाला जाएगा। जिसमें महिला होल्यारों की बीस टीमों के साथ ही अन्य होल्यार भी हिस्सा लेंगे। प्रयास है कि फागोत्सव को नंदा देवी महोत्सव की तर्ज पर भव्य रूप से आयोजित किया जाए। इस मौके पर प्रो. ललित तिवारी, मनोज साह, विमल चौधरी, बॉब बजेठा, मुकेश जोशी, हिमांशु जोशी, देवेंद्र लाल साह, मिथिलेश पांडे, हरीश राणा तथा उमेश जोशी मौजूद थे।
-----
रंग बिरंगी आतिशबाजी होगी आकर्षण का केंद्र
नैनीताल। राम सेवक सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी ने बताया फागोत्सव में मां वैष्णो देवी मंदिर के अध्यक्ष मनोज साह और तल्लीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष मारुति नंदन साह की ओर से विशेष सहयोग किया जा रहा है। महिला होली जुलूस के आगे बैंड भी चलेगा। जुलूस में रंग बिरंगी आतिशबाजी भी विशेष आकर्षण होगी।
-----
फागोत्सव में यह होंगे कार्यक्रम
8 मार्च- होली जुलूस, बहारी महिला होली दल की ओर से प्रस्तुतियां
12 मार्च- महिला बैठकी होली
14 मार्च- आमल एकादशी का आयोजन, स्कूली बच्चों की प्रस्तुति
15 मार्च- सभा के कलाकार होली की प्रस्तुतियां देंगे, कब्बाल अमीर खुसरो के रंग शीर्षक के माध्यम से होली गीत प्रस्तुत करेंगे। कुमाऊंनी बोली को बढ़ावा देने के लिए सभा के अध्यक्ष मनोज साह की पहल पर एक बजे से अपण भाषा तथा अपण बोली कार्यक्रम होगा
16 मार्च- एकल महिला व पुरुष होली का आयोजन
17 मार्च- पुरुष बैठकी होली
18 मार्च- बच्चों का स्वांग तथा रंग होली जुलूस
19 मार्च- सभा भवन में छरड़ी का विशेष आयोजन।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी होगी
नैनीताल। फागोत्सव के तहत फोटोग्राफी प्रतियोगिता भी होगी। फोटोग्राफी प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक हिमांशु जोशी ने बताया ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रतिभागी मंगलवार से शुरू होने वाले फागोत्सव से लेकर 17 मार्च तक की चार फोटो ऑनलाइन भेज सकते हैं। प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दो सौ रुपये का प्रवेश शुल्क 17 मार्च को शाम छह बजे तक जमा करना होगा।