रामनगर। प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में चैत्र और शारदीय नवरात्र के इतर मई-जून में भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यूपी और कुमाऊं के मैदानी इलाकों से श्रद्धालु की भीड़ उमड़ने से व्यवस्थाएं फेल हो रही हैं और पुलिस टीम तैनात करनी पड़ रही है। बृहस्पतिवार को भी भक्तों का रेला उमड़ पड़ा।
बृहस्पतिवार को गंगा दशहरा होने के चलते हजारों की संख्या में श्रद्धालु गर्जिया मंदिर पहुंचे। सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं ने कोसी नदी में स्नान करना शुरू किया और फिर मंदिर में माता के दर्शन किए। भक्तों की भीड़ बढ़ने से एक बार कुछ समय के लिए स्थितियां बेकाबू हुईं लेकिन बाद में पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला और लाइन लगवाकर दर्शन कराए। इस दौरान लोग दो से तीन किलोमीटर लंबी लाइन में धूप में खड़े रहे। इस दौरान एसएसबी जवानों को भी मंदिर परिसर में लगाया गया। गर्जिया मंदिर के मुख्य पुजारी मनोज पांडे ने बताया कि पुलिस-प्रशासन से व्यवस्था बनाने की मांग की गई है। गर्जिया मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष डॉ. निशांत पपनै ने बताया कि मंदिर परिसर में पुलिस की व्यवस्था के लिए पत्र दिया गया है। पुलिस कर्मियों की तैनाती तो की गई है लेकिन व्यवस्था नाकाफी साबित हुई हैं। संवाद
मंदिर में मुरादाबाद और रामपुर से आ रहे लोग
अप्रैल के आखिरी सप्ताह से मंदिर परिसर में ट्रैक्टर ट्रॉली सहित अन्य वाहनों से लोग गर्जिया मंदिर आ रहे हैं। एसडीएम प्रमोद कुमार व सीओ सुमित पांडे ने बताया कि गर्जिया मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। ऐसे में मंदिर समिति से संपर्क कर भीड़ को देखते व्यवस्था की जा रही है।