कार की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला छिटककर जमीन पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी कालाढूंगी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। महिला पति और बेटे के साथ शादी समारोह से घर लौट रही थी।
जवाहर नगर हल्द्वानी निवासी नसरीन जहां (40) पत्नी फारूक अपने पुत्र फरमान (20) के साथ रविवार को बाइक यूके 04 आर 8395 से स्वार (रामपुर) से एक विवाह समारोह से लौट रही थी। नया गांव तिराहे के पास एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नसरीन छिटककर सड़क पर गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आ गई, जबकि फरमान सकुशल बच गया।
राहगीरों ने घायल महिला को कालाढूंगी सीएचसी पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।