एसटीएच में तैनात रहे एक डाक्टर ने शादी और नौकरी का झांसा देकर छात्रा का यौन शोषण किया। गर्भपात कराने के बाद डॉक्टर ने छात्रा से शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद डाक्टर छात्रा को धमकी देने लगा। पुलिस ने इस मामले में बलात्कार और धमकी का मुकदमा दर्ज किया है।
तल्ला गोरखपुर क्षेत्र की एक छात्रा अपनी बहन के कैंसर का इलाज कराने के लिए सात सितंबर 2011 को एचटीएच गई थी। इलाज के दौरान उसकी मुलाकात अस्पताल के डाक्टर शैलेंद्र सिंह से हुई। आरोप है कि डाक्टर के यहां आते जाते संपर्क काफी बढ़ गया। एक दिन डाक्टर ने उसे दवा खिला दी।
दवा खाने के बाद वह बेहोश गयी इसके बाद डॉक्टर ने उसके साथ बलात्कार किया। होश आने पर छात्रा ने एतराज किया तो डाक्टर ने सपना दिखाया कि वह उससे शादी करेगा और नौकरी भी लगवा देगा। डाक्टर छात्रा से मिलने के लिए उसके घर भी जाता था। कई बार संबंध बनाने से उसका गर्भ ठहर गया।
भावनात्मक रूप से ब्लैक मेल करने के बाद डाक्टर ने उसका 15 जुलाई 2014 को गर्भपात कराया। छात्रा उसके ऊपर शादी का दबाव बनाने लगी। इस बीच डाक्टर ने शादी करने से इनकार कर दिया और छात्रा के चरित्र पर अंगुली उठाते हुए धमकी देने लगा।
परेशान होकर छात्रा ने घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने धारा 376,504,506 के तहत बलात्कार और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया।
वर्तमान समय में डाक्टर चित्रकूट जिले के मऊ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात है। डाक्टर मूल रूप से इलाहाबाद जिले के शंकर गढ़ बेलखरिया गांव का रहने वाला है।