बैलपड़ाव आशा निकेतन स्कूल के समीप रविवार रात दो बाइकों की टक्कर में आरबीआई जवान की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना में फालोवर सहित दो लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर आरबीआई के कमांडेंट ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस दोनों बाइक को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच कर रही है।
बैलपड़ाव स्थित आरबीआई का जवान दिनेश सिंह नेगी (34) हल्द्वानी मंडी ड्यूटी में तैनात थे। रविवार की रात वह डाक लेकर फालोवर देवीदत्त द्विवेदी के साथ बाइक से यूनिट जा रहे थे।
वहीं यूनिट के सिपाही मोहन सिंह का बेटा जितेंद्र सिंह बिष्ट बाइक से विपरीत दिशा की तरफ आ रहा था। आशा निकेतन स्कूल के समीप तेज रफ्तार दोनों की बाइक में टक्कर हो गई।
दोनों बाइक सवार गिर कर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बैलपड़ाव चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे।
पुलिस को मौका मुआयने के बाद पता चला कि सिपाही दिनेश सिंह नेगी की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों घायलों फालोवर देवीदत्त और सिपाही के पुत्र जितेंद्र सिंह बिष्ट का रामनगर स्थित चिकित्सालय में इलाज कराया।
डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने आरबीआई जवान के शव का पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेज दिया है।
पुलिस का कहना था कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। इधर आरबीआई के कमांडेंट अशोक भट्ट का कहना है कि दिनेश का परिवार यूनिट परिसर में रहता है।