देवलचौड़ चौराहे पर तेज रफ्तार कैंटर ने रविवार की रात आठ बजे सामने से आ रही दो कार और दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। सड़क पर मौजूद लोग शोर मचाते हुए इधर उधर भागने लगे।
दुर्घटना में वन विभाग के कैशियर सहित चार लोग घायल हो गए। चालक टीपीनगर चौकी के बगल वाली गली में कैंटर छोड़कर भाग निकला।
ऊधमसिंह नगर जिला चिकित्सालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. बाल किशन जोशी अपनी कार से बच्चों को लेकर रविवार शाम गौलापार से आ रहे थे।
देवलचौड़ चौराहे से आगे बढ़ने पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने डाक्टर की कार में टक्कर मार दी। इसमें डाक्टर और उनका परिवार बाल-बाल बच गया।
मगर कार क्षतिग्रस्त हो गयी। इसके बाद कैंटर ने जवाहर ज्योति दमुआढूंगा निवासी नरेंद्र मेहरा की कार पर टक्कर मार दी। इसमें उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गयी।
कैंटर ने दो बाइक सवारों और एक साइकिल सवार को भी टक्कर मार दी। बाइक सवार घायलों में रामपुर निवासी कारपेंटर करीम खान (24), उसका भाई मोहसिन (13), तिकोनिया निवासी वन विभाग के कैशियर राजेंद्र सिंह बिष्ट हैं।
पुलिस ने 108 नंबर की मदद से घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में करीम और मोहसिन की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
घायल साइकिल सवार कल्याण (34) प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने गया है। पुलिस ने टैंकर (यूके 04 सीए 3976) को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।
कैंटर की टक्कर के बाद कार सवार डॉ बाल किशन जोशी कांप रहे थे। डाक्टर का कहना था कि काफी देर तक उनको कुछ समझ में नहीं आया। भगवान ने आज काल से जान बचा ली। सड़क पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।