मंडी पुलिस ने शुक्रवार सुबह तीन पानी बैरियर के पास दो व्यक्तियों को दो उल्लुओं के साथ पकड़ लिया। मामला वन्यजीव से जुड़ा होने के कारण आरोपियों को वन विभाग को सौंप दिया गया। पकड़े गये व्यक्ति को छुड़वाने की पैरवी के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। बाद में वन विभाग की टीम ने जुर्माना लेकर दोनों व्यक्तियों को छोड़ दिया।
हल्द्वानी में तनाव को देखते हुए बरेली रोड पर पुलिस सघन जांच कर रही थी। पुलिस ने संदेह होने पर एक कार को रोका और उसकी डिकी की जांच की तो उसमें दो उल्लू मिले। उल्लू बरामद होने के बाद मंडी पुलिस ने कार में सवार किच्छा निवासी मो. ताहिर और अजीम को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद पुलिस ने तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टीम को सूचना देने के साथ उल्लुओं और पकड़े गये लोगों को उनको सौंप दिया। पकड़े गये लोगों का कहना था कि वह हल्द्वानी में अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति को देखने आये थे रास्ते में दो उल्लुओं को कुत्ते दौड़ा रहे थे, जान बचाने के लिए उनको कार में रख लिया था।
बाद में पकड़े गये लोगों को छुड़वाने के लिए बड़ी संख्या में लोग डीएफओ कार्यालय भी पहुंचे। जंगलात ने अधिकतम 25 हजार का जुर्माना लेकर दोनों को छोड़ दिया। एसडीओ आरसी कांडपाल का कहना है कि उल्लू शेड्यूल-4 श्रेणी के जीव हैं, इसमें अधिकतम जुर्माना है पच्चीस है जिसको लेकर आरोपियों को छोड़ दिया गया है।
तांत्रिक पूजा में होता इस्तेमाल
दीवाली के समय कई लोग तांत्रिक बगुलामुखी पूजा करते हैं, ऐसे में दीवाली के कई महीने पहले से ही उल्लू की तस्करी बढ़ जाती है। क्षेत्र में स्पॉटटेड आउलेट, माउंटन स्काउस क्राप्स आउल्स, ब्राउन फिश आउल्स और बान आउल्स मिलते है।