गौला के उपखनिज निकासी गेट बेरीपड़ाव में शनिवार सुबह चोरी का आरोप लगाते हुए एक ट्रक स्वामी ने दूसरे ट्रक के चालक की पिटाई करते हुए तैश में आकर उसे गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद चालक को हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गोली चालक के पैर से आरपार हो गई है।
जानकारी के मुताबिक गौलापार निवासी एक युवक के बेरीपड़ाव गौला उपखनिज निकासी गेट में ट्रक चलते हैं। उसी गेट पर गौलापार निवासी दूसरे युवक के भी वाहन चलते हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार रात को गौलापार निवासी युवक के ट्रक से रात में चोरों ने बैट्री और अन्य सामान चोरी कर लिया। अगले दिन शनिवार सुबह जब डंपर स्वामी बेरीपड़ाव गौला उपखनिज निकासी गेट पहुंचा तो उसे चोरी का पता चला। इस पर उसने अपने वाहन के बगल में खड़े रहने वाली गाड़ी के चालक प्रताप पर शक करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया।
प्रताप ने चोरी की बात से इंकार भी किया लेकिन ट्रक स्वामी उसे पीटता रहा और बाद में तैश में आकर उसने चालक प्रताप पर फायर झोंक दिया। गोली प्रताप के पैर से आरपार हो गई। इधर, गोली चलते ही वहां अफरातफरी मच गई। लोगों की भीड़ को बढ़ता देख आरोपी ट्रक स्वामी ने घायल चालक को अपनी कार में बैठाया और हल्द्वानी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मामला संज्ञान में है लेकिन पीड़ित की ओर से फिलहाल तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
- विपिन चंद्र पंत, प्रभारी कोतवाल, लालकुआं।