रोडवेज के सामने सोमवार दोपहर मात्र 15 रुपए के लिए टेंपो चालक और यात्री भिड़ गए। मारपीट में महिला सहित तीन लोग लहूलुहान हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। दोनों पक्षों एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
चंपावत का रहने वाला बबलू (23) हल्द्वानी के रिलायंस कुकी में काम करता है। रविवार दोपहर वह पत्नी दीपा, पांच साल के बेटे और साले बलवंत के साथ रोडवेज जाने के लिए बांबे हास्पिटल के सामने टेंपो पर सवार हुआ। रोडवेज पर उतरने के बाद टेंपो चालक 30 रुपए किराया मांगा। वहीं बबलू 15 रुपए किराया दे रहा था। अधिक किराया मांगने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
इस पर टेंपो चालक ने बबलू पर हाथ छोड़ दिया। इसके बाद दोनोें गुत्थमगुत्था शुरू हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। यहां बबलू ने एसआई जीसी टम्टा के समक्ष आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और साले को भी टेंपो चालकों ने पीटा है। घटना में टेंपो चालक भी लहूलुहान हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षाें की तहरीर लेकर दोनों को मेडिकल कराने के लिए भेज दिया।