उदयलालपुर के समीप जंगल में बुधवार सुबह युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। कातिलों ने चाकुओं से युवक के पेट और सिर पर करीब 40 से अधिक वार किए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी स्वीटी अग्रवाल और सीओ भवाली मौके पर पहुंचे। पुलिस को शक है कि प्रेम प्रपंच में युवक की हत्या की गई है। दो साल पहले भी उक्त युवक छेड़खानी के मामले में पकड़ा गया था।
उदयलालपुर गांव के सटे जंगल में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने चाकुओं से छलनी एक युवक का शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
युवक के पेट और सिर पर चाकुओं से 40 से अधिक वार किए गए थे। मृतक के हाथ पर अरुण पाल गुदा था। पुलिस ने व्हट्सअप के जरिये कई ग्रुप में मैसेज भेजा। इसके बाद फोटो देखकर मौके पर पहुंचे अंकित ने मृतक की पहचान छोटे भाई अरुण के रूप में की। अंकित ने बताया कि अरुण मंगलवार सुबह घर से निकला था।
एक कांप्लेक्स पर उसे बैठा देख बड़े भाई राजू ने उसे घर जाने के लिए कहा था। इसके बाद अरुण रात में घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने दोस्तों से पूछताछ की। अरुण की मां आशा देवी सिंचाई विभाग में कार्यरत है। अरुण भी आठ माह पहले सरस मार्केट में काम करता था। पिछले काफी समय से वह बेरोजगार था।
परिजनों का कहना है कि उसे दिसंबर में सिंचाई विभाग में काम करने के लिए अधिकारियों ने कहा था। मुखानी पुलिस का कहना है कि अरुण दो साल पहले छेड़खानी के मामले में दो अन्य साथियों के साथ पकड़ा गया था। आशंका है कि उसके साथी शराब पिलाने के बाद उसे लेकर जंगल तक गए हैं।
इस मामले में अरुण के साथियों से पूछताछ चल रही है। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल का कहना है कि पुलिस प्रेम प्रपंच को केंद्र में रखकर घटना की जांच कर रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।