मीरा मार्ग के युवक ने दिल्ली की युवती को फेसबुक के माध्यम से शादी के लिए राजी कर लिया। सगाई और शादी की तिथि तय होने के बाद लड़की के पिता और भाई शहर में आए तो पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है।
मंगलपड़ाव चौकी में शिकायत करने पर पुलिस ने युवक का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। शादी के इरादे से आए युवती के परिजन वापस लौट गए।
पुलिस के अनुसार मीरामार्ग निवासी रोहित जायसवाल ने दिल्ली के विकासनगर की युवती से फेसबुक से दोस्ती कर ली। पिछले साल मार्च में उसने युवती को शादी के लिए प्रपोज किया। युवती ने कहा कि शादी के लिए उसके माता पिता से संपर्क करना होगा।
युवती के राजी होने पर युवक उसके माता पिता से मिलने के लिए दिल्ली गया। युवती एक निजी संस्थान में जॉब करती है। आरोप है कि उसने युवती से पैसे भी एेंठे। माता पिता के राजी होने पर युवक ने सगाई के लिए पहले 28 नवंबर की तिथि तय की।
इसके बाद सगाई को टालने लगा। बाद में 19 जनवरी को सगाई और फरवरी में शादी की तिथि तय की गई। युवती के परिजन सगाई से पहले युवक के घर परिवार को देखने के लिए आए थे। यहां पता चला कि युवक पहले से शादीशुदा है।
उसका एक बच्चा भी है। इस पर युवती और उसके परिजन भड़क गए। दोनों पक्षों के बीच काफी झड़प हुई। युवती के भाई ने घटना के बाबत मंगलपड़ाव चौकी प्रभारी अजेंद्र कुमार से शिकायत की।
पुलिस ने युवक का शांतिभंग की आशंका में चालान काट दिया। इसके बाद युवती के साथ परिजन लौट गए। पता चला कि उन्होंने शादी के लिए काफी सामान खरीद लिया था।