काठगोदाम डिपो की बस से जा रही युवती ने जयपुर में पहुंचकर चालक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। चालक ने माफी मांगकर मामले को रफादफा करने का प्रयास किया, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही एमडी बीके संत ने चालक को निलंबित कर दिया।
एमडी का कहना है कि विभाग में इस प्रकार का आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चालक कुलदीप सिंह (पव्वा) काठगोदाम डिपो की बस (यूए07पीए1027) को लेकर जयपुर जा रहा था। बस में रामपुर से एक युवती सवार हुई। चालक ने उसे अपनी सोने वाली सीट पर बैठाया।
जयपुर पहुंचने पर लड़की ने चालक के खिलाफ सिंधी कैंप थाने में शिकायत की। आरोप लगाया कि सोते समय चालक ने उसके साथ छेड़खानी की है। इसके बाद पुलिस ने बस के परिचालक रेहान, कुलदीप और दूसरे चालक नरेंद्र शर्मा को भी थाने में बुलाया। हाथ जोड़कर चालक कुलदीप ने माफी मांगी।
इसके बाद चालक और परिचालक बस लेकर हल्द्वानी लौट आए। विभाग के अधिकारियों तक जानकारी पहुंची। इस मामले में एमडी बीके संत का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद चालक को निलंबित कर दिया गया है।
बताया कि चालक यात्रियों के साथ अच्छा व्यवहार करें, इसके लिए ट्रेनिंग कैंप चलाया जाएगा। देहरादून और ऊधमसिंह नगर में 20 दिन का कैंप लगाकर चालक और परिचालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।