फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारियों के बढ़ते दबाव के आगे झुकी पुलिस

Wed, 30 Aug 2017 01:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, नैनीताल।
विज्ञापन
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर दोपहर में कोतवाली में नारेबाजी करते व्यापारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भाजयुमो नेताओं द्वारा दो युवा व्यापारियों के साथ की गई मारपीट के मामले में आखिरकार पुलिस को झुकना ही पड़ा। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी व भाजयुमो के कुमाऊं मंडल संयोजक रवि कन्याल को मंगलवार को गिरफ्तार करने के बाद ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट अनामिका सिंह की कोर्ट में पेश किया।
विज्ञापन


इसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। दूसरी ओर व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर 2 सितंबर तक पांच अन्य आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो वह 3 सितंबर को नैनीताल बंद करेंगे।

 शनिवार देर रात्रि युवा व्यापारी अनुज साह निवासी फ्रूट मार्केट मल्लीताल और प्रद्युमन साह निवासी बड़ा बाजार मल्लीताल को टक्कर मारने के बाद कार सवार भाजयुमो के कुमाऊं संयोजक रवि कन्याल, जिला उपाध्यक्ष अभय बवाड़ी, पंकज भट्ट, करन दनाई, पवन कन्याल, हिमांशु खनायत आदि ने मारपीट की थी।
विज्ञापन


इससे दोनों व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले को लेकर रविवार और सोमवार को दो दिन तक लगातार धरना प्रदर्शन किया था। मंगलवार को तीसरे दिन भी सुबह 11 बजे तक जब आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन सिंह नेगी के नेतृत्व में व्यापारी कोतवाली के समक्ष एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू कर दी।

12.15 बजे से सभा शुरू हुई जिसे प्रदीप दुम्का, हेमंत रूबाली, विवेक वर्मा, राजेंद्र व्यास, जीत सिंह आनंद ने संबोधित किया। संचालन शाकिर अली ने किया। सभा के दौरान ही अध्यक्ष नेगी को पुलिस कप्तान ने सूचित किया कि पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रवि कन्याल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद व्यापारियों ने आंदोलन को स्थगित करने की घोषणा की।  

मीडिया को लगातार बरगलाती रही पुलिस

मंगलवार को रवि कनियाल की गिरफ्तारी के मामले नैनीताल पुलिस द्वारा मीडिया कर्मियों को बार-बार भ्रामक खबरें देकर बरगलाने का प्रयास किया गया। पुलिस का पूरा प्रयास था कि मीडिया कर्मियों की आंखों से बचकर रवि कन्याल को कोर्ट में पेश कर दे जिसके चलते पुलिस कभी रवि की गिरफ्तारी हल्द्वानी से तो कभी ज्योलीकोट में होने की बात करती रही।

साथ ही यह भी बताया गया कि उसे कालाढूंगी मार्ग से तो कभी नैनीताल-हल्दानी तो कभी भवाली-नैनीताल मार्ग से नैनीताल लाया जा रहा है। इसके अलावा रवि की गिरफ्तारी हनुमानगढ़ी से होने की अफवाहें उड़ती रही जिसके चलते दिनभर मीडिया कर्मी दौड़ते रहे।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर रवि को ज्योलीकोट में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल में लाया गया जहां उसका मेडिकल कराया गया बाद में उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।

गिरफ्तारी की कहानी में झोल ही झोल   रवि कन्याल की गिरफ्तारी व उसके जेल जाने तक भाजपा व भाजयुमो के करीब दर्जन भर से अधिक कार्यकर्ता जगह-जगह पर पुलिस के साथ मौजूद दिखाई दिए।   बताया जाता है कि रवि की गिरफ्तारी में कार्यकर्ताओं ने पुलिस को पूरा सहयोग दिया जिसके चलते पुलिस द्वारा बताई जा रही गिरफ्तारी की कहानी में झोल ही झोल दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं पुलिस द्वारा बिना नंबर की आल्टो कार में रवि को नैनीताल लाया गया।

जल्द होगी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी:एएसपी
  अपर पुलिस अधीक्षक हरीश चंद्र सती ने भी स्वीकार किया है कि रवि की गिरफ्तारी ज्योलीकोट के समीप से की गई है।   कहा कि जल्द ही अन्य पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तल्लीताल व मल्लीताल कोतवाली की पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। इतना ही नहीं इन सभी के बारे में पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें