आंधी और तूफान के बीच लामाचौड़ पुलिस चौकी के पास बुधवार की रात स्कूटर सवार एमआर सड़क पर गिर गया गया। सिर में गंभीर चोट के चलते उसकी मौत हो गई। हेलमेट स्कूटर पर ही टंगा रह गया। पुलिस का कहना है कि ब्रेकर पर गिरने से मौत हुई है लेकिन परिजनों को आशंका है कि किसी अन्य वाहन ने टक्कर मारी है।
पीपलपोखरा नंबर एक गांधी आश्रम निवासी रमेश चंद्र जोशी (35) पुत्र स्वर्गीय खीमा नंद जोशी एसटीएच के पास एक दुकान से मेडिकल रिप्रजेंटेटिव (एमआर) का काम करते थे। बुधवार की रात करीब 12 बजे वह आंधी तूफान के बीच स्कूटर से घर लौट रहे थे। लामाचौड़ चौकी के पास पहुंचने पर रमेश ब्रेकर के समीप सिर के बल गिर पड़े। काफी देर बाद जानकारी मिलने पर पुलिस उन्हें लेकर एक निजी अस्पताल गई लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुखानी पुलिस का कहना है कि तूफान के दौरान वह स्कूटर से गिर गए थे। हेलमेट स्कूटर में टंगा था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। रमेश के करीबी रिश्तेदार भुवन चंद्र तिवाड़ी को आशंका है कि किसी वाहन की टक्कर से उनको चोट लगी थी। सिर के अलावा हाथ पैर में चोट लगी थी। रमेश का पांच साल का बेटा और छह साल की बेटी है।
आठ साल पहले बड़े भाई ने छोड़ा था साथ
हल्द्वानी। परिजनों ने बताया कि रमेश चंद्र जोशी के बड़े भाई कैलाश चंद्र जोशी की आठ साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई। रमेश ही घर चला रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी लक्ष्मी का रोते रोते बुरा हाल हो गया।