बलात्कार पीड़ित छात्रा का महिला पुलिस ने बुधवार को कलमबंद बयान दर्ज किया। उसकी मेडिकल रिपोर्ट भी महिला अस्पताल से मंगाई गई है। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ने में विफल रही।
भोटिया पड़ाव की रहने वाली 11वीं की छात्रा को मोहल्ले का ही सोनू चौहान नौकरी दिलाने का झांसा देकर ले गया। आरोप है सोनू अपने दोस्त कमल शर्मा के साथ छात्रा को तिकोनिया स्थित होटल में ले गया। वहां उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दोनों ने उससे दुष्कर्म किया। मंगलवार को सोनू छात्रा को उसके घर के सामने छोड़कर चला गया। छात्रा द्वारा आपबीती परिजनों को बताने पर उसकी मां ने कोतवाली थाने में तहरीर दी। कोतवाल के निर्देश पर धारा 376, 342, 328 एवं पाक्सो एक्ट के तहत सोनू चौहान और कमल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सोनू बरेली से बीटेक कर रहा है और कमल शराब के ठेके पर काम करता है। दोनों की तलाश करने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन वे नहीं मिल सके। बुधवार को महिला सेल की प्रभारी सुमन पंत ने पीड़ित छात्रा का गोपनीय बयान दर्ज किया। बयान दर्ज कराने के बाद परिवार के लोग छात्रा को ले गए।