कोतवाली पुलिस ने पीसीएस अधिकारी विवेक स्वरूप के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पीसीएस अधिकारी ने पूर्व पत्नी के घर में जाकर उन पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है। इस मामले की जांच कुशल सिंह नगरकोटी को सौंपी गई है।
पीसीएस अधिकारी की पूर्व पत्नी ज्योति सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वह मंगलपड़ाव सिद्धिपुरम में दो साल के बेटे के साथ किराये में रहती हैं।
आरोप है कि 28 जून को उनके पूर्व पति विवेक स्वरूप तेजाब की बोतल लेकर आए थे। उन्होेंने उन पर पूर्व में दर्ज मुकदमे वापस लेने के लिए दबाव बनाया।
इनकार करने पर उन्होंने बिस्तर पर तेजाब फेंक दिया और धमकी दी कि इसी प्रकार उनके ऊपर तेजाब फेंककर चेहरा खराब कर देंगे। धमकी से भयभीत होकर उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
इस संबंध में ज्योति ने एसएसपी और सीओ से भी मुलाकात की थी। सीओ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने पीसीएस अधिकारी के खिलाफ धारा धारा 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पीसीएस अधिकारी विवेक स्वरूप कुछ दिनों पहले रुद्रपुर स्थित मंडी समिति में वित्त अधिकारी के पद पर थे, अब उनका तबादला हो गया है।
बता दें कि इसके पहले भी ज्योति और विवेक स्वरूप एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा चुके हैं। दोनों काफी दिनों तक जेल में भी रहे थे।