अवैध रूप से खनन कर रहे ट्रैक्टर को पकड़ने से बौखलाए खनन माफिया ने तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ को उन्हीं की कार में अगवा कर लिया। एसडीओ का चालक चलती कार से कूद गया तो एक घंटे बाद माफिया एसडीओ और वन रक्षक को धान के खेत में छोड़कर भाग गए।
देर रात हुई इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। मंगलवार को एसडीएम राजस्व टीम के साथ खनन के स्टाक के निरीक्षण को पहुंचे। देर शाम सात खनन माफिया के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ कलम सिंह बिष्ट देहरादून से विभागीय कार्य निपटाकर सोमवार देर रात रामनगर की ओर आ रहे थे।
मालधन क्षेत्र में रास्ते में ही एक ट्रैक्टर ट्राली ढेला नदी से अवैध खनन करके जा रही थी। एसडीओ ने अपने चालक ओमकार से गाड़ी रुकवाने को कहा और वनरक्षक अकबर को लेकर ट्रैक्टर ट्राली के पास पहुंच गए। उन्होंने ट्रैक्टर को सीज कर मालधन वन चौकी में खड़ा करवा दिया। इसके बाद तीनों रामनगर की ओर जाने लगे।
कुछ दूर जाने पर पांच बाइकों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी को रोक दिया। हथियारों से लैस सात-आठ लोग बाइक से उतरे और एसडीओ को घेर लिया। एक ने ड्राइवर से चाबी छीन ली। एसडीओ कुछ समझ पाते इससे पहले सभी लोग उनकी कार में बैठ गए। इसके बाद कार को तुमडिया डैम की ओर भगा दिया। ड्राइवर को डिग्गी में बैठा दिया।
एसडीओ का कहना है युवक ट्रैक्टर सीज करने से खफा थे और ट्रैक्टर की चाबी मांग रहे थे। इस बीच ड्राइवर ओमकार डिग्गी का लॉक खोल फुरती से धान के खेतों की ओर भाग गया। इससे घबराकर अपहर्ताओं ने एक पल के लिए गाड़ी रोकी मगर कोई उतरा नहीं।
कुछ आगे ले जाने पर उन्होंने एसडीओ से चौकी चलकर ट्रैक्टर छुड़वाने का दबाव बनाया। एसडीओ के अनुसार जब उन्होंने कहा कि ड्राइवर भाग गया है वह सारी पोल खोल देगा इसके बाद माफिया उन्हें और वनरक्षक को कार में छोड़कर पैदल भाग गए। इसके बाद एसडीओ ने ड्राइवर को फोन कर वहां बुलाया और रामनगर पहुंचे।
अवैध खनन स्टाक सीज
एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि मंगलवार को वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से चंद्रनगर मालधन चौड में राजरानी की जमीन पर अवैध स्टाक किया जा रहा था जिसे मौके पर पहुंच सीज कर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। फिलहाल पुलिस को रूटीन गश्त के लिए कहा गया है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि सतनाम सिंह उर्फ सत्ता पुत्र कुंदन सिंह निवासी पन्नू फार्म भरतपुर थाना कुंडा, बंटी पुत्र महेंद्र सिंह मालधन नंबर 1 थाना रामनगर, मुकेश पुत्र रघुवीर सिंह भरतपुर कुंडा, प्रदीप पुत्र राम नरेश केशरी गणेशपुर कुंडा, अमरीक सिंह पुत्र अवतार सिंह टाडा थाना जसपुर, गोपी पुत्र छिंदर निवासी भरतपुर कुंडा और गुरुताज पुत्र छंदिर भरतपुर कुंडा के खिलाफ 143, 149, 323, 504, 506, 332, 353 और 341 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चार हजार हेक्टेयर में सिर्फ एक एसडीओ
तराई पश्चिमी वन प्रभाग जैसे अतिसंवेदनशील विभाग होने के बावजूद यहां स्टाफ की की है। एक एसडीओ ही लगभग 40 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को अकेले ही देख रहा है। 40 हजार हेक्टेयर में कोसी और दाबका नदी के साथ अवैध खनन रोकना, पेड़ों को बचाना और अतिक्रमण रोकना चुनौती से कम नहीं है।
तीन महीने पहले दाबका नदी में बाघिन के जेसीबी से मरने पर डीएफओ कहकशा नसीम को हटा दिया गया था। तीन महीने से ये पद रिक्त होने के साथ हल्द्वानी डीएफओ पर अतिरिक्त चार्ज है। इसके साथ ही एसडीओ का एक पद लगभग सात महीने से खाली चल रहा है।